आसींद :- स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के रघुनाथपुरा (धावजी का खेड़ा) स्थित प्राचीन धोली मंगरी देवनारायण मंदिर में पिछले सात दिनों से श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चल रहा पंच कुंडात्मक विष्णु महायज्ञ शुक्रवार को अत्यंत भव्य एवं दिव्य रूप से सम्पन्न हुआ। पूर्णाहुति के पावन अवसर पर मंदिर शिखर पर विधि-विधान से कलश स्थापना की गई, साथ ही शिव परिवार एवं हनुमान जी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराई गई।यह पावन अनुष्ठान सवाईभोज मंदिर के महंत सुरेशदास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ, जबकि यज्ञाचार्य याग्निक गोपाल शास्त्री (चोटियास वाले) के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समस्त धार्मिक विधियां सम्पन्न हुईं। अभिजीत मुहूर्त में सम्पन्न हुए इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को गहन आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में मालासेरी डूंगरी भगवान श्री देवनारायण जन्मभूमि मंदिर के पुजारी देवकरण पोसवाल, आसपहाड़ के महंत महेंद्रपुरी जी महाराज, सवाईभोज मंदिर पुष्कर के महंत चिड़ियादास महाराज, जोधगढ़ के महंत नारायणदास महाराज एवं तामेसर बावड़ी के महंत लक्ष्मणदास महाराज,राजकोट गुजरात के मंहत भरत गिरी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की शोभा और बढ़ गई।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, पूर्व विधायक हगामीलाल मेवाड़ा,उप प्रधान करेड़ा सुखदेव गुर्जर,सीता राम गुर्जर, शंकर गुर्जर सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की तथा सम्पूर्ण क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा।
