पंचायत चुनाव प्रशिक्षण से गैरहाजिर 16 कार्मिकों को नोटिस, जिला निर्वाचन अधिकारी ने मांगा स्पष्टीकरण

पंचायत चुनाव प्रशिक्षण से गैरहाजिर 16 कार्मिकों को नोटिस, जिला निर्वाचन अधिकारी ने मांगा स्पष्टीकरण

 

* 15 से 18 अक्टूबर तक आयोजित प्रथम प्रशिक्षण में 3 रिटर्निंग अधिकारी, 9 पीठासीन अधिकारी और 4 प्रथम मतदान अधिकारी रहे अनुपस्थित

 

शिवराज बारवाल मीना

टोंक। स्मार्ट हलचल।पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत आयोजित प्रथम प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 16 कार्मिकों को जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। निर्वाचन कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित कार्मिकों से अनुपस्थिति के कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 से 18 अक्टूबर तक आयोजित प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 16 कार्मिक अनुपस्थित रहे। इनमें 3 रिटर्निंग अधिकारी, 9 पीठासीन अधिकारी तथा 4 प्रथम मतदान अधिकारी शामिल हैं।

*बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने पर होगी कार्रवाई*

जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण में भाग लेना आवश्यक है। बिना उचित कारण के प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निर्वाचन विभाग की ओर से जारी नोटिस के माध्यम से संबंधित कार्मिकों से जवाब मांगा गया है। उनके स्पष्टीकरण और अनुपस्थिति के कारणों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।