बूंदी- स्मार्ट हलचल|महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र के अंतर्गत पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह का आयोजन दिनांक 06 अप्रैल 2026 से 11 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। इस अवसर पर विभाग के सहायक निदेशक भैरू प्रकाश नागर द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभाग की सुपरवाइजर प्रमिला द्वारा लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत बालिकाओं को दी जाने वाली सहायता, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। इस जागृति सप्ताह के अंतर्गत केंद्र के सलाहकारों द्वारा प्रतिदिन जिले के विभिन्न राजकीय बालिका विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, विकास नगर, बूंदी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जेंडर स्पेशलिस्ट विनिता अग्रवाल ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की तथा बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र प्रबंधक पूर्णिमा गौतम ने किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर बालिकाओं को जानकारी देते हुए माहवारी स्वच्छता एवं एनीमिया से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने जीवन कौशल के महत्व को समझाते हुए बालिकाओं को आवश्यकता पड़ने पर पन्ना धाय केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। सामाजिक परामर्शदाता अक्षिता मिश्रण एवं सलोनी शर्मा द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की गई। साथ ही छात्राओं के साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करते हुए उनकी काउंसलिंग एवं आउटरीच कार्य भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य रविन्द्र दाधीच, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
