पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

बूंदी- स्मार्ट हलचल|महिला अधिकारिता विभाग, बूंदी द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र के अंतर्गत पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह का आयोजन दिनांक 06 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। यह कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भैरू प्रकाश नागर के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
इस जागृति सप्ताह के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने हेतु निरंतर गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 08 अप्रैल 2026 को महारानी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बूंदी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्र की सोशल काउंसलर अक्षिता मिश्रण एवं सलोनी शर्मा द्वारा बालिकाओं को शिक्षा सेतु योजना एवं लाड़ो प्रोत्साहन योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में समझाते हुए बालिकाओं को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही बाल विवाह से संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए इसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला गया तथा बालिकाओं को इसके प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान संबंधित हेल्पलाइन नंबर भी बालिकाओं के साथ साझा किए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ संवादात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिससे वे योजनाओं को बेहतर तरीके से समझ सकें। साथ ही बालिकाओं को शिक्षा के महत्व एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रितेश सनाढ्य, अन्य स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।