✍️गिरधर पाराशर
कास्या में मादा पैंथर और शावकों की दस्तक, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी, रात को अकेले घरों से बाहर न निकले ग्रामीण
बिजौलिया। स्मार्ट हलचल|बिजौलिया क्षेत्र के कास्या गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब खेतों के बीच रविवार रात मादा पैंथर और उसके शावकों की मौजूदगी की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।मांडलगढ़ के रेंजर मनिंदर पाल सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पैंथर और उसके बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। पैंथर कास्या में अलग अलग जगह अपने तीन शावकों के साथ खेतों के आसपास घूमती देखी गई है, जिससे अकेले खेतों में काम करने वाले किसानों और पशुपालकों में खासा डर है।
विभाग ने सख्त एडवाइजरी जारी करते हुए ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने, समूह में काम करने और हर समय सतर्क रहने की हिदायत दी है। खास तौर पर रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी गई है।
वहीं रेंजर द्वितीय विमल रैगर ने बताया कि मादा पैंथर अपने बच्चों के साथ होने पर अधिक सतर्क और आक्रामक हो सकती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पत्थरबाजी या पास जाने की कोशिश खतरनाक साबित हो सकती है। फिलहाल वन विभाग द्वारा पैंथर की साइटिंग वाले जगह पर एक पिंजरा और ट्रेप कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से अपील की गई है कि पैंथर या उसके शावकों की हलचल दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें और दूरी बनाए रखें। फिलहाल पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और रेस्क्यू के प्रयास जारी हैं।
