(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल।गंगापुर के निकटवर्ती नेगाडिया का खेड़ा गांव में रविवार शाम को एक खौफनाक घटना घटी। पैंथर ने खेत में काम कर रहे युवक पर अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।पीड़ित की पहचान रतनलाल तंवर पुत्र गणेश लाल तंवर) के रूप में हुई है। घटना के समय रतनलाल अपने खेत पर काम कर रहे थे। अचानक पैंथर ने उन पर झपट्टा मारा। पैंथर ने उनके सिर पर और हाथ-पैरों पर गहरे निशान छोड़ दिए।
आसपास काम कर रहे ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर शोर मचाया, जिससे पैंथर डरकर जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने तुरंत घायल रतनलाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में पैंथर की बार-बार हरकतें देखी जा रही हैं। दिन-रात पैंथर के आने की खबरें आ रही हैं, जिससे खेतों में काम करने वाले किसान और गांववासी भयभीत हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि पैंथर को तुरंत पकड़ने या उसे जंगल में वापस भेजने के लिए उचित कार्रवाई की जाए, ताकि आगे कोई अनहोनी घटना न हो।
वन विभाग के
क्षेत्रीय अधिकारी गीता शर्मा और वनपाल नारायण सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। और घटनास्थल के आसपास पैंथर को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगा दिया है।
