भीलवाड़ा / शाहपुरा । जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (IPS) के निर्देशानुसार जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पारोली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बिशनियां गांव के मंदिर में भगवान के शिखर से चांदी का मुकुट चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी त्रिलोक पाराशर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा श्री राजेश आर्य के निर्देशन एवं वृताधिकारी कोटड़ी श्री सुरेश कुमार के निकटतम सुपरविजन में पारोली थानाधिकारी श्री सियाराम (पुनि) के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
क्या थी घटना?
पारोली थाने में प्रार्थी बालमुकुन्द (26) पुत्र सत्यनारायण ब्राह्मण, निवासी बिशनियां ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 28 अप्रैल 2026 को सुबह 07:00 से 09:00 बजे के बीच अज्ञात चोर ने मंदिर के शिखर पर लगा लगभग 200 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट चुरा लिया था। भगवान का मुकुट चोरी होने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 64/2026 धारा 305(डी) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान एएसआई मुंशी खां के सुपुर्द किया।
सीसीटीवी और बीटीएस (BTS) तकनीक से खुला राज
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखे संदिग्ध के रूट के आधार पर मोबाइल टावर के बीटीएस (BTS) डेटा का गहन विश्लेषण किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध त्रिलोक (42) पिता चांदमल पाराशर, निवासी चेनपुरा (थाना काछोला, जिला भीलवाड़ा) को डिटेन किया। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर आभूषण बरामद किए गए।
वारदात का तरीका: गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर है। वह पहले सुनसान या कम भीड़भाड़ वाले मंदिरों की रेकी करता था और मौका पाकर वहां लगे कीमती आभूषण व मुकुट चुराकर फरार हो जाता था।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी त्रिलोक पाराशर एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी व राजकार्य में बाधा डालने के कई मामले दर्ज हैं:
थाना बीगोद (2022): प्रकरण संख्या 90/2022 धारा 379 भादस (जैर ट्रायल)
थाना काछोला (2025): प्रकरण संख्या 02/2025 धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस (जैर ट्रायल)
अन्य मामला (2016): प्रकरण संख्या 65/2016 धारा 332, 353 भादस (जैर ट्रायल)
इस टीम को मिली सफलता (कांस्टेबल शैतान सिंह का विशेष योगदान)
वारदात को सुलझाने और आरोपी को दबोचने में पारोली थाने की इस टीम ने मुख्य भूमिका निभाई:
सियाराम (थानाधिकारी, पारोली)
मुंशी खां (सहायक उपनिरीक्षक/ASI)
शैतान सिंह (कांस्टेबल) — मामले को सुलझाने में विशेष व सराहनीय योगदान
रामावतार (कांस्टेबल)
रणजीत (कांस्टेबल)
