शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा में भीलवाड़ा रोड स्थित परशुराम सर्किल पर भगवान श्री परशुराम जी की प्रतिमा की स्थापना वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ आज की गई। मूर्तिकार अनूप शर्मा एवं प्रकाश शर्मा भानगढ़ द्वारा तैयार की गई यह प्रतिमा 8.5 फीट ऊँची, 4.5 फीट चैड़ी और लगभग 4 टन वजनी है, जो अपनी भव्यता और कलात्मक सौंदर्य के कारण नगर का नया आकर्षण बन गई है। यह मूर्ति समूचे मेवाड़ क्षेत्र में पहली मूर्ति है।
इसकी प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव 3 अक्टूबर से प्रांरभ होगा जो 5 अक्टूबर को संपन्न होगा। समापन मौके पर अखिल भारतीय निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर अनंतविभूति जगद्गुरु श्रीजी महाराज श्याम शरण देवाचार्य महाराज के सानिध्य में कलश शोभा यात्रा निकलेगी।
आज वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा का पूजन एवं अभिषेक कर विधिवत प्रतिष्ठा करवाई। इस दौरान वातावरण “जय परशुराम” के उद्घोष से गूंज उठा और बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
आज कार्यक्रम में सुखवाल समाज अध्यक्ष सूर्यप्रकाश ओझा, दाधीच समाज अध्यक्ष धीरज शर्मा, पाराशर समाज के वरिष्ठ नेता एवं सर्व ब्राह्मण समाज के भीलवाड़ा जिला उपाध्यक्ष विनोद पाराशर, विप्र सेना की कार्यकारिणी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय भव्य महोत्सव-
भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापना के उपरांत ब्राह्मण समाज ने घोषणा की कि 3, 4 एवं 5 अक्टूबर 2025 को प्राण प्रतिष्ठा एवं प्रतिमा अनावरण का भव्य महोत्सव आयोजित होगा। समाजजन इसे ऐतिहासिक आयोजन बनाने की तैयारी कर रहे हैं। ब्राह्मण समाज के नेताओं ने कहा कि भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापना से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। 8.5 फीट ऊँची व 4 टन वजनी यह प्रतिमा शाहपुरा की पहचान बनेगी।
कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर 2025 को प्रातः 9.15 बजे हवन-पूजन, दोपहर 1.15 बजे मूर्ति का वाश, मंडल पूजा एवं हवन, रात्रि में समाजबंधुओं द्वारा भजन-कीर्तन होगा। 4 अक्टूबर को प्रातः 8.15 बजे पूजन, हवन, दोपहर 3.15 बजे मूर्ति का सहस्त्रधारा अभिषेक, रात्रि समाजबंधुओं द्वारा सुंदरकांड का पाठ होगा। 5 अक्टूबर को प्रातः 8.15 बजे अखिल भारतीय निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर अनंतविभूति जगद्गुरु श्री श्रीजी महाराज एवं श्री श्याम शरण देवाचार्य महाराज के सानिध्य में कलश शोभा यात्रा। यह यात्रा बालाजी की छतरी से प्रारंभ होकर परशुराम सर्किल (कॉलेज के सामने) तक निकाली जाएगी। दोपहर 1.15 बजे भगवान परशुराम जी की प्रतिमा का भव्य अनावरण एवं महाआरती होगी।
ब्राह्मण समाज के नेताओं ने कहा कि भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापना से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। 8.5 फीट ऊँची व 4 टन वजनी यह प्रतिमा शाहपुरा की पहचान बनेगी। इस आयोजन से समाज में नई ऊर्जा का संचार होगा और नगर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान मिलेगी। अनावरण समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधु, संत-महात्मा और श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। आयोजन समिति ने बताया कि बाहरी जिलों और राज्यों से भी ब्राह्मण समाज के लोग इस महोत्सव में शामिल होंगे।


