विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जयपुर शहर भाजपा की संगोष्ठी, मदन राठौड़ ने कहा—इतिहास से सबक लेकर मजबूत और एकजुट भारत बनाना जरूरी

जयपुर शहर भाजपा की संगोष्ठी में विभाजन के शहीदों को श्रद्धांजलि, विस्थापित परिवारों का किया सम्मान

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर-स्मार्ट हलचल|विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जयपुर शहर भाजपा की ओर से मानसरोवर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विस्थापन का दर्द झेलने वाले परिवारों के संघर्ष, त्याग और साहस को याद किया गया। इस अवसर पर विस्थापित परिवारों का सम्मान भी किया गया।
जयपुर शहर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन देश के इतिहास की ऐसी त्रासदी है, जिसकी पीड़ा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा और बड़ी संख्या में निर्दोष लोगों ने जान गंवाई। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की सच्चाई से परिचित कराने और पीड़ित परिवारों के संघर्ष व बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की राष्ट्रभावना से जुड़ी पंक्तियों का उल्लेख करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि 14 अगस्त का दिन देश के इतिहास के सबसे पीड़ादायक अध्याय की स्मृति से जुड़ा है। विभाजन के कारण करोड़ों लोगों का जीवन प्रभावित हुआ और बड़ी संख्या में परिवारों को अपने पुश्तैनी घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। उन्होंने कहा कि विभाजन का सबसे गहरा असर महिलाओं और परिवारों पर पड़ा, जिसकी पीड़ा आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज है।
राठौड़ ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का उद्देश्य किसी के प्रति वैमनस्य या प्रतिशोध की भावना पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास की गलतियों से सीख लेकर ऐसा मजबूत, एकजुट और संवेदनशील भारत बनाना है, जहां नफरत और हिंसा के लिए कोई स्थान न हो। शांति, भाईचारा, सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाएं ही राष्ट्र की वास्तविक ताकत हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, भाजपा वरिष्ठ नेता रवि नैय्यर, विधायक बालमुकुंद आचार्य, वरिष्ठ विधायक चंद्रमोहन बटवाड़ा, जयपुर ग्रेटर की निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर, उप महापौर पुनीत कर्णावट, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, जयपुर शहर भाजपा महामंत्री रेखा राठौड़, राजेश तांबी और नवरत्न नाराणिया सहित पार्षद एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।