पुनित चपलोत
भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तहसील कार्यालय के बाहर सोमवार को जिलेभर के पटवारी एवं राजस्व कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान पटवार संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन पर राजस्व कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न का आरोप लगाया। कर्मचारियों का कहना है कि छोटे-छोटे मामलों में भी कठोर कार्रवाई की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया है।
संघ ने हाल ही में पटवारी हरदेव बैरवा की सेवा समाप्ति को अन्यायपूर्ण बताते हुए आदेश निरस्त करने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित मामले में जांच रिपोर्ट और दस्तावेज कर्मचारी के पक्ष में होने के बावजूद बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई। इसके अलावा कई अन्य राजस्व कर्मचारियों को भी बिना स्पष्ट दोष के चार्जशीट देकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया।
राजस्थान कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र पारीक ने बताया कि जिले में करीब 90 पटवारियों के तबादले होने के बावजूद उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहे हैं। यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 30 जुलाई से जिलेभर के राजस्व कर्मचारी संपूर्ण कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे, जिससे राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
पटवार संघ ने ज्ञापन के माध्यम से सेवा समाप्ति के आदेश वापस लेने, कर्मचारियों के खिलाफ कथित दमनात्मक कार्रवाई रोकने तथा स्थानांतरित कर्मचारियों को शीघ्र कार्यमुक्त करने सहित विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की।
