15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी संजयकुमार मीणा एसीबी के ट्रैप में गिरफ्तार

भूमि कन्वर्जन रिपोर्ट के नाम पर मांगी थी 20 हजार की रिश्वत, एसीबी ने पटवारी को रंगे हाथ दबोचा

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर -स्मार्ट हलचल|भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बाड़मेर जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी संजयकुमार मीणा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ईटादा पटवार मंडल, तहसील धनाऊ में पदस्थापित है। कार्रवाई एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर एसीबी चौकी बाड़मेर की टीम ने की।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि आरोपी पटवारी ने ग्राम ईटादा स्थित कृषि भूमि के व्यावसायिक (कॉमर्शियल) कन्वर्जन के लिए मौका निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आगे की कार्रवाई में सहयोग करने की एवज में परिवादी से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सत्यापन के दौरान 17 जुलाई को आरोपी ने 5 हजार रुपये प्राप्त कर लिए थे, जबकि शेष 15 हजार रुपये बाद में लेने पर सहमति बनी थी।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद एसीबी रेंज जोधपुर के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार और निरीक्षक देवाराम के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी संजयकुमार मीणा को परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें।