अजय सिंह (चिंटू)
आसलपुर -स्मार्ट हलचल|ग्राम आसलपुर नया मोजा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में 26वां विशाल वार्षिक पौषबड़ा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मंगल आरती से हुई, जिसके पश्चाताप महोत्सव के दौरान सुबह से ही मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते हुए नजर आए।
इस अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर को महाकाल के स्वरूप में आकर्षक फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया और श्रद्धालु महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
आयोजन के अंतर्गत सभी श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से पंगत में बैठाकर पौषबड़ा प्रसादी ग्रहण करवाई गई। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
महोत्सव का आयोजन ग्रामवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और सेवा भाव से व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
कार्यक्रम के निवेदक समस्त ग्रामवासी आसलपुर नया मोजा रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।


