पेंशनर समाज 25 मई को तहसील मुख्यालयों पर करेगा विरोध प्रदर्शन

आरजीएचएस योजना की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। आरजीएचएस योजना के तहत पेंशनरों को पिछले कई महीनों से मुफ्त इलाज एवं दवाइयां नहीं मिलने से नाराज राजस्थान पेंशनर समाज ने आंदोलन के दूसरे चरण की घोषणा की है। संगठन द्वारा 25 मई को प्रदेशभर के तहसील एवं उपखण्ड मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

राजस्थान पेंशनर समाज जिला चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा ने बताया कि इससे पूर्व 13 मई को आंदोलन के प्रथम चरण में जिला मुख्यालयों पर बड़ी संख्या में पेंशनरों ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे थे, लेकिन सरकार की ओर से कोई सकारात्मक आश्वासन नहीं मिलने पर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले की सभी उपशाखाएं अपने-अपने उपखण्ड स्तर पर प्रदर्शन कर उपखण्ड अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगी।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से आरजीएचएस योजना को किसी भी स्थिति में बीमा मोड पर नहीं करने, ओपीडी एवं आईपीडी की वर्तमान व्यवस्था में बदलाव नहीं करने, 14 अप्रैल 2026 से योजना पुनः सुचारू होने तक पेंशनरों द्वारा इलाज पर खर्च की गई राशि का पूर्ण पुनर्भरण करने तथा अस्पतालों एवं फार्मा स्टोर्स के बकाया भुगतान की नियमित व्यवस्था लागू करने की मांग की जाएगी।

जिलाध्यक्ष दशोरा ने जिले की सभी उपशाखाओं के अध्यक्षों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी पेंशनरों को प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम की सूचना देकर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।