10 साल से पुलिस को चकमा दे रहा स्थायी वारंटी आखिर चढ़ा मंडावर पुलिस के हत्थे, जयपुर से दबोचा

55 वर्षीय कौशल किशोर जांगिड़ की गिरफ्तारी से पुलिस को मिली बड़ी सफलता, न्यायालय में लंबे समय से चल रहा था मामला

नीरज मीणा

मंडावर (दौसा)। स्मार्ट हलचल/मंडावर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 10 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे स्थायी वारंटी कौशल किशोर जांगिड़ को पुलिस टीम ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था, लेकिन मंडावर पुलिस की योजनाबद्ध कार्रवाई के चलते आखिरकार उसे पकड़ लिया गया।जिला पुलिस अधीक्षक दौसा कुंदन कंवरिया आईपीएस एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीना आरपीएस के निर्देशानुसार तथा महवा वृत्ताधिकारी अनूपसिंह आरपीएस के सुपरविजन में मंडावर थानाधिकारी हरिओम मीना के नेतृत्व में वांछित अपराधियों एवं लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि न्यायिक मजिस्ट्रेट महवा के कोर्ट केस नंबर 21/2016, धारा 13 आरपीजीओ एक्ट के मामले में करीब 10 वर्षों से फरार चल रहा स्थायी वारंटी कौशल किशोर जयपुर में रहकर फरारी काट रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मंडावर थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जयपुर रवाना की।

पुलिस टीम ने जयपुर में तलाश और दबिश की कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर 2026 को कौशल किशोर को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। दस वर्षों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को मंडावर पुलिस की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।

कौन है गिरफ्तार स्थायी वारंटी?

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कौशल किशोर पुत्र गोपाललाल, जाति जांगिड़, उम्र 55 वर्ष, निवासी गढ़ हिम्मतसिंह, थाना मंडावर, जिला दौसा है। आरोपी न्यायालय के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था।

थानाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम

इस कार्रवाई में मंडावर थानाधिकारी हरिओम मीना, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश नंबर 2046, कांस्टेबल प्रताप सिंह नंबर 241, लक्ष्मीचंद नंबर 1353 एवं मनोज कुमार नंबर 603 शामिल रहे।

दस साल की फरारी का हुआ अंत

मंडावर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। जयपुर में छिपकर रह रहे आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालयीन कार्रवाई को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।