फार्मासिस्ट परिवार मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह

फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी, दवाओं के सुरक्षित उपयोग में अहम भूमिका : डॉ. कैले

कोटा। स्मार्ट हलचल|राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत), जिला शाखा कोटा की ओर से फार्मासिस्ट परिवार मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन पोरवाल भवन, सुभाष नगर में किया गया। समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट एवं उनके परिवार शामिल हुए। कार्यक्रम में फार्मासिस्ट परिवारों की शैक्षणिक एवं खेल प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने बताया कि समारोह में औषधि नियंत्रण विभाग कोटा के ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर डॉ. संदीप कैले, आशाराम मीणा, योगेश कुमार, दिनेश कुमावत एवं ओमप्रकाश चौधरी तथा बूंदी के ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर निशांत बघेरवाल अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने फार्मासिस्ट परिवारों के विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों के लिए पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में संघ के पूर्व अध्यक्षों सुरेश मेहरा, राजीव वर्मा, मुरारीलाल नागर, जगदीश मीणा एवं प्रदीप खींची का भी सम्मान किया गया।

स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्ट की भूमिका अहम
डॉ. संदीप कैले ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दवाओं के सुरक्षित उपयोग के साथ औषधियों के भंडारण और उनके लिए निर्धारित तापमान को बनाए रखना भी फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने फार्मासिस्टों से अपने ज्ञान एवं कौशल का निरंतर उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे रोगियों को दवाइयों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करने के साथ सही औषधि उपयोग सुनिश्चित करने में योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण बनी हुई है।

50 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान
डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने बताया कि समारोह में फार्मासिस्ट परिवारों के शैक्षणिक एवं खेल क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले 50 से अधिक बच्चों को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य फार्मासिस्टों के योगदान को सम्मान देना, उनके परिवारों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा समाज में दवाओं के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पलक जैन एवं लोकेश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम संयोजक मुरारीलाल नागर ने समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं फार्मासिस्ट साथियों का आभार व्यक्त किया।