फूल जी की खेड़ी: 5 साल से बदहाल PWD सड़क, राहगीरों के लिए बनी ‘यमदूत’
रिपोर्ट: शिव लाल जांगिड़, लाडपुरा
लाडपुरा (स्मार्ट हलचल)। क्षेत्र में स्थित फूल जी की खेड़ी से श्यामगढ़ मुख्य सड़क इन दिनों अपनी दुर्दशा पर आंसू रो रही है। पीडब्ल्यूडी की यह मुख्य सड़क पिछले 5 सालों से मरम्मत की बाट जोह रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे अब किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
यह व्यस्ततम मार्ग फूलजी की खेड़ी, श्यामगढ़, टहला, पदमपुरा, रामथली, सोपुरा और मांडलगढ़ रोड को जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में वाहन यहाँ से गुजरते हैं, लेकिन डामर उखड़ने से सड़क अब केवल पत्थरों और गड्ढों का ढेर बनकर रह गई है।
बारिश ने बढ़ाई मुसीबत
वर्तमान में बारिश के चलते इन गड्ढों में पानी भर गया है। इससे वाहन चालकों को सड़क की गहराई का पता नहीं चलता, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। विशेषकर रात के समय राहगीरों की जान जोखिम में रहती है।
“पिछले 5 साल से हम इस समस्या को झेल रहे हैं। प्रशासन को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब सड़क नहीं बनी तो ग्रामीण उग्र प्रदर्शन करेंगे।” – स्थानीय निवासी
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
- सड़क का अविलंब नवनिर्माण शुरू हो।
- गड्ढों को भरने के लिए तुरंत विशेष अभियान चले।
- सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग हो।










