आईएफडब्ल्यूजे पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/सवाई माधोपुर।स्मार्ट हलचल|शिक्षा विभाग राजस्थान द्वारा विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों को कक्षा-कक्ष अथवा विद्यालय भवन की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने से पहले संस्था प्रधान की अनुमति अनिवार्य किए जाने के आदेश के विरोध में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) की सवाई माधोपुर जिला इकाई ने सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर कानाराम को ज्ञापन सौंपकर आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
ज्ञापन आईएफडब्ल्यूजे जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा की अगुवाई में सौंपा गया। जिला महासचिव राजेश गोयल ने बताया कि पत्रकार संगठन ने शिक्षा विभाग के इस आदेश को प्रेस की स्वतंत्रता, जनहित में स्वतंत्र पत्रकारिता तथा जनता के सूचना के अधिकार की दृष्टि से चिंताजनक बताया है।
*अनुमति की अनिवार्यता से प्रभावित होगी स्वतंत्र पत्रकारिता*
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के विद्यालयों में समय-समय पर जर्जर भवन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं का अभाव, शिक्षकों की लापरवाही, छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार एवं अन्य प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे मामलों की वास्तविक स्थिति को सामने लाने के लिए पत्रकारों द्वारा फोटो एवं वीडियो के माध्यम से मौके की स्थिति दर्ज की जाती है। संगठन का कहना है कि यदि पत्रकारों को विद्यालय परिसर की वास्तविक स्थिति की फोटो एवं वीडियोग्राफी करने से पहले संस्था प्रधान की अनुमति लेना अनिवार्य होगा, तो स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होने की आशंका है। इससे जनहित से जुड़े मामलों की तथ्यात्मक रिपोर्टिंग में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।
*पत्रकार सरकार के विरोधी नहीं-लोकतांत्रिक सेतु हैं*
आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि पत्रकार सरकार के विरोधी नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच लोकतांत्रिक सेतु की भूमिका निभाते हैं। सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकारी व्यवस्थाओं की कमियों और आमजन की समस्याओं को सामने लाना भी पत्रकार का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पत्रकारों को अनावश्यक प्रशासनिक प्रतिबंधों से मुक्त रखा जाना चाहिए।
*प्रदेशभर में जिला कलेक्टरों को सौंपे ज्ञापन*
संगठन के जिला प्रवक्ता नरेन्द्र शर्मा ने बताया कि आईएफडब्ल्यूजे के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में जिला इकाइयों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपे गए। इसी क्रम में सवाई माधोपुर में भी जिला इकाई ने ज्ञापन देकर शिक्षा विभाग के आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा, जिला महासचिव राजेश गोयल, राजमल जैन, वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र जैन, मुकेश कुमार जैन, रोहित गुप्ता सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
