Thursday, May 21, 2026

प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी सहित पिकअप वाहन जब्त, दो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

खखरेरू / स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गेरिया गांव में प्रतिबंधित प्रजाति के नीम के पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। रविवार को दिनदहाड़े लगभग 4 से 5 नीम के पेड़ों को काटकर उनकी लकड़ी पिकअप वाहन में लादकर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदे पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 71BT 3983) को पकड़ लिया। वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।

वन विभाग की पूछताछ के दौरान अवैध कटान में अनीश पुत्र रईस, निवासी ग्राम हकीमपुर खंतवा तथा मनीष पुत्र स्वर्गीय बांकेलाल, निवासी ग्राम हरदासपुर के नाम सामने आए।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1978 की धारा 4 तथा इमारती लकड़ी एवं वन उपज से संबंधित अधिनियम की धारा 3 एवं 8 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। साथ ही जब्त की गई लकड़ी को सीज करने की कार्रवाई की गई है।

वन क्षेत्राधिकारी विवेक शुक्ला ने बताया कि प्रतिबंधित पेड़ों की कटान की सूचना मिलने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि संबंधित लोग बगीचे में प्रतिबंधित पेड़ों को काटकर लकड़ी बिक्री के लिए ले जा रहे थे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वनों और प्रतिबंधित प्रजाति के वृक्षों के साथ छेड़छाड़ करने वालों के विरुद्ध विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।