8 अगस्त को पीपलून्द आएंगे शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर

8 अगस्त को पीपलून्द आएंगे शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर

 

 

पशु आश्रय स्थल व वनदेव चारागाह का करेंगे लोकार्पण, हरियालो राजस्थान के तहत होगा वृहद पौधारोपण

 

अलकेश पारीक

 

 

  1. जहाजपुर। स्मार्ट हलचल।राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर शनिवार, 8 अगस्त को ग्राम पंचायत पीपलून्द के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे चारागाह का अवलोकन करने के साथ सार्वजनिक पशु आश्रय स्थल एवं विकसित वनदेव चारागाह का लोकार्पण करेंगे। वहीं संत रविदास चारागाह विकास कार्य तथा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में गांव की प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा।

ग्राम पंचायत पीपलून्द के प्रशासक वेदप्रकाश खटीक ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से निर्मित सार्वजनिक पशु आश्रय स्थल का मंत्री दिलावर लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत विकसित वनदेव चारागाह का लोकार्पण तथा संत रविदास चारागाह विकास कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत एवं जलग्रहण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मियावाकी पद्धति से सघन पौधारोपण अभियान शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली पीपलून्द ग्राम की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में परमादर्श आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी जगदीश पुरी महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेशचंद्र, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, निवर्तमान प्रधान कौशल किशोर देवी शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

प्रशासक खटीक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, गौसंरक्षण, चारागाह विकास एवं ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।