भण्डारिया क्रिकेट टूर्नामेंट में पीपलुंद का परचम, 17 रन से फाइनल जीतकर कब्जाया खिताब

गोलू मीणा (गोलू लेफ्टी) का बल्ला जमकर बोला, 71 रन की नाबाद पारी के साथ मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता

अलकेश पारीक

जहाजपुर
भण्डारिया।स्मार्ट हलचल|ग्राम भण्डारिया में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शनिवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ शानदार समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में पीपलुंद और शेरपुरा की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पीपलुंद की टीम ने शेरपुरा को 17 रनों से शिकस्त देकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के बाद पीपलुंद की टीम के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पीपलुंद की टीम ने निर्धारित पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 158 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेरपुरा की टीम ने भी जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन टीम 4 विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी। इस तरह पीपलुंद ने 17 रन से शानदार जीत दर्ज की।

पीपलुंद की जीत के नायक रहे गोलू मीणा (गोलू लेफ्टी) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 71 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने मुकाबले का रुख पीपलुंद की ओर मोड़ दिया। शानदार खेल के लिए गोलू मीणा को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता पीपलुंद टीम को 21 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता शेरपुरा टीम को 11 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि संत कुमार मीणा गाडोली रहे। इस दौरान सुरेश जी, राकेश जी, रविंद्र जी, लेखराज जी, रोशन जी, चंदन जी, रघुवीर जी, सुनील जी, इंद्रजीत जी, गिरिराज जी, बनवारी जी, लोकेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि संत कुमार मीणा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं सुरेश जी ने भी 5,100 रुपये का सहयोग देकर खिलाड़ियों एवं आयोजकों का हौसला बढ़ाया।

आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को मजबूत करती हैं।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर ग्रामवासियों एवं अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना की। प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल भावना, सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता का भी शानदार संदेश दिया।