पीथास विद्यालय का 12वीं परिणाम शत-प्रतिशत, सोनू तेली ने 92.40% के साथ किया टॉप

भूगोल में 100 में 100 अंक, छात्रों का शानदार प्रदर्शन; बालिका विद्यालय में पिंकी बैरवा अव्वल

(महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिले की मांडल तहसील क्षेत्र के पीथास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देते हुए 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कुल 25 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। इनमें 20 छात्र प्रथम श्रेणी एवं 5 छात्र द्वितीय श्रेणी से पास हुए। खास बात यह रही कि 10 छात्रों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यालय के छात्र सोनू तेली पुत्र नारायण लाल तेली (पुरानी अमरगढ़) ने 92.40 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सोनू ने भूगोल विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरे।
वहीं, मनीष सालवी पुत्र पप्पू लाल सालवी (पीथास) ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका विद्यालय का भी शानदार प्रदर्शन
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की कुल 12 छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुईं, जिनमें सभी छात्राएं उत्तीर्ण रहीं। इनमें 5 छात्राएं प्रथम श्रेणी, 6 द्वितीय श्रेणी तथा 1 छात्रा तृतीय श्रेणी से पास हुई।
बालिका विद्यालय में पिंकी बैरवा पुत्री लेहरू बैरवा ने 73.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
शिक्षकों व अभिभावकों में हर्ष
विद्यालय के इस शानदार परिणाम पर शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। विद्यार्थियों की इस सफलता को उनके परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया जा रहा है।

बतादे कि लगातार शत-प्रतिशत परिणाम देकर पीथास विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है और क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।