“सांसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम- सुमन मीणा
भरत देवड़वाल
जमवारामगढ़। स्मार्ट हलचल|पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री लक्ष्मीनारायण मीणा मेमोरियल ट्रस्ट, कानड़ियावाला एवं टीम सुमन मीणा (TSM), जमवारामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे “पेड़ लगाओ–जीवन बचाओ अभियान-2026” के अंतर्गत आज जमवारामगढ़ क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान की शुरुआत सुबह 9:30 बजे कानड़ियावाला कृषि फार्म से हुई। इसके बाद क्रमवार थोलाई मोड़ (10:30 बजे), सायपुर (11:00 बजे), खरड़ (11:30 बजे), भावनी (12:00 बजे), दांतली (1:00 बजे), महंगी (2:00 बजे), कुशलपुरा (3:00 बजे), रायसर (4:00 बजे) तथा देवतीला (5:00 बजे) में पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए तथा उन्हें पौधों की नियमित देखभाल कर पेड़ बनने तक संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
*पेड़ हमारे जीवन का आधार — डॉ. हर सहाय मीणा*
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. हर सहाय मीणा, IAS ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन, बढ़ता तापमान, घटता भूजल स्तर और प्रदूषण आज पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती है। वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। एक पेड़ अपने जीवनकाल में ऑक्सीजन देने के साथ-साथ तापमान नियंत्रण, मिट्टी एवं जल संरक्षण और जैव विविधता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
*हर परिवार लगाए दो पेड़ — सुमन मीणा*
पंचायत समिति सदस्य एवं टीम सुमन मीणा (TSM) की संयोजक सुमन मीणा ने कहा कि इस अभियान को एक दिन का कार्यक्रम न बनाकर निरंतर जन-अभियान के रूप में चलाया जाएगा।
उन्होंने आह्वान किया —
> *“हर साल दो पेड़ लगाएं, धरती मां का कर्ज चुकाएं।*
> *पहला पेड़ अपने लिए, दूसरा पेड़ अपनों के लिए लगाएं।”*
सुमन मीणा ने सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों और युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी क्षेत्र के अन्य गांवों में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।
*अभियान का संदेश:*
🌱 “सांसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम।”
🌳 “पेड़ लगाएं—जीवन बचाएं।”
