चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल।माय भारत केंद्र चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में तथा सहायक लेखाकार कुलदीप प्रजापत के निर्देशन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ब्लॉक डूंगला में विभिन्न पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मदर टेरेसा महिला मंडल अध्यक्ष श्वेता सामर के नेतृत्व में माय भारत वॉलंटियर्स एवं स्वास्तिक कंप्यूटर एजुकेशन के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर एलवा माता मंदिर परिसर में प्लास्टिक जागरूकता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विशेष भागीदारी सुरेश प्रजापत की रही। कार्यक्रम के दौरान आमजन को प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डूंगला में मंडल सदस्य एकता सामर द्वारा पक्षियों के लिए पेड़ों पर परिंडे लगाए गए तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ लालचंद सालवी, हेमेंद्र, नारायण लाल सुथार एवं योगेश जी उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय डूंगला में श्वेता सामर द्वारा विद्यार्थियों का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाया गया तथा पर्यावरण विषयक प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस दौरान आयोजित संगोष्ठी में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
सुरेश प्रजापत ने उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि आज पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और बढ़ती गर्मी की चुनौती का सामना कर रहा है। ऐसे में विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। उन्होंने सिंगल-यूज प्लास्टिक के त्याग, जल स्रोतों के संरक्षण तथा हरित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही इस वर्ष के वैश्विक संदेश “जलवायु के लिए अभी कार्रवाई” को अपनाते हुए प्रत्येक नागरिक से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश शर्मा, सहायक आचार्य आशीष मीणा, शैलेश, डॉ. कुसुम लता, चंद्रलेखा पुरोहित, हर्ष पटेल, नीतू राजावत सहित महाविद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। साथ ही वार्ड पंच भगवती तेली एवं मंडल सदस्य सुरेश प्रजापत, लोकेश जणवा ,दीपक व्यास, शिव लाल मीणा,देवराज सिंह, रोनक मीणा, हितेश मीणा, ज्योति जणवा,नम्रता जणवा,पूजा गर्ग ,चारुल सरगरा सहित सदस्य ने कार्यक्रम में संपूर्ण उपस्थित रहे।
