स्मार्ट हलचल, आकोला। आकोला क्षेत्र के जित्या माफी गांव में सोमवार सुबह अवैध बजरी से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने प्रधानमंत्री ई-बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस के पिछले हिस्से के ड्राइवर साइड के दो शीशे टूट गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बड़लियास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
बड़लियास थाना के एएसआई गोपाल सिंह ने बताया कि पीएम ई-बस बड़लियास से भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान जित्या माफी गांव के पास अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दो शीशे टूट गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को डिटेन कर थाने में खड़ा कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार से बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, इसी ट्रैक्टर ने बस को टक्कर मारने से पहले भाकलिया गांव के पास एक गौवंश को भी अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने प्रशासन से अवैध बजरी परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने और ऐसे वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
