PMSMA के 10 वर्ष पूर्ण होने पर 9 जून को विशेष शिविरों का होगा आयोजन

 

जिले के चिकित्सा संस्थानों में होगा व्यापक जनजागरूकता अभियान,गर्भवती महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं

भीलवाड़ा, 8 जून।स्मार्ट हलचल।प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के सफल 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 9 जून 2026 को जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों में विशेष पीएमएसएमए शिविरों का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के निर्देशानुसार “10 Years of PMSMA” थीम के तहत आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा सुरक्षित मातृत्व के प्रति व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप जिला चिकित्सालयों, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में विशेष पीएमएसएमए सत्र आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में गर्भवती महिलाओं की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परामर्श, उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान एवं समयबद्ध उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के अंतर्गत चिकित्सा संस्थानों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान से संबंधित प्रचार सामग्री का प्रदर्शन किया जाएगा तथा आमजन को सुरक्षित गर्भावस्था, संस्थागत प्रसव, नियमित प्रसव पूर्व जांच एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. शर्मा द्वारा सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अभियान से संबंधित प्रचार सामग्री का प्रदर्शन कर अधिकाधिक गर्भवती महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को सफल बनाएं।