गंगापुर में बुलेट के पटाखा शोर पर पुलिस का शिकंजा, सात मोटरसाइकिलें जब्त

(DSP सुदर्शन पालीवाल के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चौकी प्रभारी गोपाल सिंह के नेतृत्व में दी दबिश)

गंगापुर

(दिनेश लक्षकार)

स्मार्ट हलचल।शहर की सड़कों पर तेज आवाज में पटाखे जैसी गूंज पैदा करने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुलेट मोटरसाइकिलों में प्रतिबंधित पटाखा साइलेंसर लगाकर शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने और आमजन को परेशान करने वाले बाइक चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।पुलिस उप अधीक्षक (DSP) सुदर्शन पालीवाल के निर्देश पर गंगापुर पुलिस ने विशेष कार्रवाई करते हुए पटाखा साइलेंसर लगी सात बुलेट मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। यह कार्रवाई चौकी प्रभारी गोपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से शहर के विभिन्न मार्गों और प्रमुख चौराहों पर कुछ बुलेट मोटरसाइकिल चालक तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर रहे थे। इन मोटरसाइकिलों से निकलने वाली पटाखों जैसी तेज आवाज से राहगीरों, व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में अचानक होने वाले तेज धमाकों से लोग परेशान थे।

आमजन की परेशानी और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इस पर गंभीरता दिखाई और DSP सुदर्शन पालीवाल के निर्देश पर कार्रवाई को अंजाम दिया। चौकी प्रभारी गोपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर सात ऐसी बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया, जिनमें पटाखा साइलेंसर लगे हुए थे।

पुलिस कार्रवाई से बाइक चालकों में मचा हड़कंप

एक साथ सात मोटरसाइकिलें जब्त होने के बाद नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक चालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहरवासियों में भी सकारात्मक संदेश गया है। आमजन का मानना है कि तेज आवाज वाले साइलेंसर के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए, ताकि शहर की सड़कों पर शांति और यातायात अनुशासन बना रहे।

नियम तोड़ने वालों को पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिल गया है कि शहर में यातायात नियमों और ध्वनि प्रदूषण संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना और आम नागरिकों को अनावश्यक शोर-शराबे से राहत दिलाना है।