सी पी गोयल
बारां 8 फरवरी|स्मार्ट हलचल|अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला थाना बारां में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। महिला थाना अधिकारी आशासिह ने छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराने और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 11वीं की छात्रा मन्नत गोयल को एक दिन के लिए महिला थाना बारां का थाना अधिकारी बनने का अवसर दिया गया।
इस दौरान छात्रा मन्नत गोयल ने महिला थाना बारां की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और समझा। थाना अधिकारी आशा सिंह ने उन्हें थाने के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करवाया तथा विस्तार से जानकारी दी। सबसे पहले उन्हें थाने में आने वाली शिकायतों और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया कि किसी भी शिकायत को किस प्रकार दर्ज किया जाता है और आगे उसकी जांच किस तरह शुरू की जाती है।
इसके बाद उन्हें महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के बारे में जानकारी दी गई, जहां महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाता है और उन्हें उचित परामर्श तथा सहायता दी जाती है। साथ ही उन्हें थाने के (अभिलेख कक्ष) के बारे में भी बताया गया, जहां विभिन्न दस्तावेज और रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जाते हैं।
थाना परिसर के कंप्यूटर कक्ष में मन्नत गोयल को विभिन्न फाइलों और रिकॉर्ड का निरीक्षण करवाया गया तथा बताया गया कि किस प्रकार पुलिस रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखा जाता है और डिजिटल माध्यम से कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया जाता है। उन्हें विभिन्न फाइलों की जांच और अनुसंधान की प्रक्रिया के बारे में भी समझाया गया।
इस दौरान थाना अधिकारी आशा सिंह ने उन्हें यह भी बताया कि किसी भी घटना के बाद मौके पर पहुंचकर किस प्रकार जांच की जाती है, साक्ष्य कैसे एकत्र किए जाते हैं और केस का निस्तारण किस प्रकार किया जाता है। साथ ही यह भी समझाया गया कि मुकदमा किस तरह दर्ज किया जाता है, उसकी जांच कैसे आगे बढ़ाई जाती है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुकदमे का निस्तारण या समापन किस प्रकार किया जाता है।
इसके अलावा मन्नत गोयल को अनुसंधान अधिकारी कक्ष का भी निरीक्षण करवाया गया, जहां उन्हें बताया गया कि अनुसंधान अधिकारी किस प्रकार किसी मामले की गहन जांच करते हैं, गवाहों के बयान लेते हैं और कानून के अनुसार पूरी कार्यवाही को आगे बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर थाना अधिकारी आशा सिंह ने यह भी बताया कि एक थाना अधिकारी की क्या-क्या जिम्मेदारियां होती हैं और किस प्रकार पूरे थाने की व्यवस्था को संभाला जाता है। साथ ही उन्हें कानून और पुलिस प्रशासन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
उन्होंने बताया कि पुलिस किस तरह दिन-रात मेहनत कर समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कार्य करती है, यह उन्होंने आज नजदीक से देखा और समझा।
मन्नत गोयल ने इस अवसर के लिए अपने विद्यालय स्ट. पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बारां तथा विशेष रूप से थाना अधिकारी आशा सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से छात्राओं को आगे बढ़ने और समाज में अपनी भूमिका समझने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने जिले की सभी महिला पुलिसकर्मियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
महिला थाना बारां की यह पहल महिला सशक्तिकरण, जागरूकता और नई पीढ़ी को प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुई।
