बड़ी वारदात की फिराक में रिवाल्वर लेकर घूम रहा था आरोपी,एफएसएल टीम को मौके से जिंदा कारतूस व खोल मिला
मंगरोप@मुकेश खटीक।हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।भागने के प्रयास में आरोपी करीब 9 फीट गहरी पुलिया से नीचे कूद गया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।फिलहाल उसे पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।थाना प्रभारी सुनील कुमार बेड़ा ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब 1 बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बिलिया कलां निवासी कम्मू उर्फ कमलेश गुर्जर (29) पुत्र भंवरलाल गुर्जर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से रिवाल्वर लेकर रीको क्षेत्र में घूम रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बेड़ा मय पुलिस जाप्ते के तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।पुलिस टीम जब रीको क्षेत्र स्थित बनास नदी की छोटी पुलिया के पास पहुंची तो एक युवक बाइक पर हमीरगढ़ की ओर आता दिखाई दिया।पुलिस वाहन को देखकर युवक अचानक घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।इस दौरान थाना प्रभारी ने उसे रुकने की चेतावनी दी।उसे भागने के लिए जगह नहीं मिली जिससे उसने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी।आरोपी की इस हरकत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।पुलिस जवाबी कार्रवाई के लिए पोजिशन ले पाती उससे पहले ही आरोपी पुलिया से नीचे नदी क्षेत्र में कूद गया।पुलिया की गहराई करीब 9 फीट बताई जा रही है तथा नीचे चट्टानें होने के कारण आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया।इसके बावजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए नीचे उतरकर आरोपी को धर दबोचा।घायल आरोपी को तुरंत पुलिस सुरक्षा के बीच महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे वारदात स्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर सर्च अभियान चलाया।शुक्रवार सुबह एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।जांच के दौरान टीम को एक जिंदा कारतूस तथा फायरिंग के बाद का कारतूस खोल बरामद हुआ है।पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।प्रारंभिक जांच में आरोपी के आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था तथा उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
