मारपीट कर छीना गया करीब 30 हजार रुपए कीमत का मोबाइल बरामद
(अमर चन्द बैरवा)
दौसा|स्मार्ट हलचल।रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के दौरान छीना गया करीब 30 हजार रुपए कीमत का ओपो एफ-27 एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया है। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 की रात परिवादी समीम खान अपने चचेरे भाई हारून को मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने ताऊ ईसाक खान को लेने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे स्थित अमराबाद रेस्ट एरिया पहुंचा था। इसी दौरान बोलेरो वाहन में सवार होकर आए अज्ञात आरोपियों ने समीम खान के साथ मारपीट की और उसका ओपो एफ-27 मोबाइल जबरदस्ती छीनकर फरार हो गए। घटना के संबंध में रामगढ़ पचवारा थाने में मुकदमा नंबर 116/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी सहायता और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपियों के संबंध में साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 1 अक्टूबर को मामले में शामिल दो आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया तथा उनकी निशानदेही पर लूटे गए ओपो एफ-27 मोबाइल को बरामद कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
*एसपी के निर्देश पर गठित की गई थी टीम*
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज जयपुर राहुल प्रकाश आईपीएस तथा जिला पुलिस अधीक्षक दौसा पीयूष दीक्षित आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा आरपीएस एवं सत्यनारायण आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी भरतलाल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक नाथूलाल, हेड कांस्टेबल रोहिताश, कांस्टेबल सुरेश चंद, कांस्टेबल रोहिताश तथा चालक कांस्टेबल बाबूलाल शामिल रहे।