– मेला कन्ट्रोल रूम व 2 पुलिस चौकियों की स्थापना
– सादा वस्त्रों में असामाजिक तत्वों पर निगरानी
– महिलाओं की सुरक्षा हेतु विशेष महिला प्रशिक्षित टीम
रणवीर सिंह चौहान
स्मार्ट हलचल/भवानी मंडी जिले की झालरापाटन में प्रति वर्ष लगने वाले चंद्रभागा मेले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहेगी|झालावाड़ जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पशुपालन विभाग के तत्वाधान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्तिक पशु मेले के भव्य आयोजन हेतु मेले में शान्ति व कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल का बंदोबस्त किया गया है। 20 नवंबर से आयोजित होने वाले इस मेले के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मद्देनजर रखते हुए जिला पुलिस द्वारा निम्न व्यवस्था का निर्णय लिया गया है।
– मेला पुलिस कन्ट्रोल रूम व अस्थाई 2 पुलिस चौकी मेला ग्राउंड में 24 X 7 – कार्यरत अस्थायी पुलिस चौकी और कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जहाँ से संपूर्ण मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर सीधी निगरानी रखी जा रही है।
– सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन व स्पाई कैमरो से निगरानी – मेला परिसर के प्रमुख प्रवेश द्वारों, बाजार क्षेत्र, झूला सेक्टर और पशु हाट में उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मेला क्षेत्र में स्पाई कैमरो से गोपनीय निगरानी रखी जावेगी। भीड़भाड़ वाले दिनों और मुख्य स्नान पर्व के दौरान ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी हवाई निगरानी की जाएगी।
– चन्द्रभागा नदी तट पर विशेष सुरक्षा एवं एसडीआरएफ / गोताखोर – कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र स्नान और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए चंद्रभागा नदी के घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नदी तट पर प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और आपदा प्रबंधन दल की तैनाती की गई है।
– सादा वस्त्रों में पुलिस बल (एंटी-रोमियो व एंटी-पिकपॉकेट स्क्वाड, कालिका टीम) – मेले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जेबकतरों व असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए सादा वस्त्रों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष टीमें तैनात की गई है।
– यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था – मेले के दौरान शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। यातायात सुचारू रखने हेतु प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
– पशु व्यापारियों की सुरक्षा एवं उनकी सम्पत्ति की सुरक्षा के मद्देनजर चिन्हित हार्डकोर व हिस्ट्रीशीटर पर रहेगी नजर – राजस्थान सहित मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों से आए पशुपालकों और व्यापारियों की नकदी व पशुधन की सुरक्षा हेतु पशु मेला क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई गई है। पशु व्यापारियों की सुरक्षा एवं उनकी सम्पत्ति की सुरक्षा के मद्देनजर चिन्हित हार्डकोर व हिस्ट्रीशीटर पर रहेगी नजर व संदिग्धो की फोटो राजकॉप एप के माध्यम से मेच कर की जावेगी पहचान।
आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील
जिला पुलिस प्रशासन सभी श्रद्धालुओं और मेला आगंतुकों से अपील करता है कि वे मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अपराध व अपराधी की सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जावेगा। मेले में आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल मेला पुलिस चौकी, डायल-112 अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष को तुरन्त देवे।