बायतु में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था: मुख्य सड़क बनी गंदे पानी की नाली, राहगीर परेशान

चिमु धतरवाल

बायतु।स्मार्ट हलचल|कस्बे के मुख्य बाजार से होकर चवा की ओर जाने वाली प्रमुख सड़क इन दिनों गंभीर समस्या का सामना कर रही है। सड़क पर घरों से निकलने वाला गंदा पानी लगातार जमा हो रहा है, जिससे यह मार्ग किसी नाली जैसा नजर आने लगा है। स्थिति यह है कि आमजन को आवाजाही में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चवा रोड पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर फैल जाता है। अंडरग्राउंड पाइपलाइन की लंबे समय से सफाई नहीं होने से पानी का बहाव रुक जाता है और सड़क पर गंदा पानी जमा हो जाता है। इससे सड़क पर कीचड़, बदबू और गंदगी का माहौल बना रहता है।

इस समस्या के कारण पैदल राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन का खतरा बना रहता है। कई बार वाहन चालक असंतुलित होकर गिरने की स्थिति में आ जाते हैं। सड़क किनारे स्थित दुकानदारों का कहना है कि गंदगी के कारण ग्राहक दुकानों तक आने से कतराते हैं, जिससे उनके व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।

गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभाग द्वारा समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन केवल आश्वासन तक सीमित है। लोगों ने मांग की है कि अंडरग्राउंड पाइपलाइन की नियमित सफाई करवाई जाए, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था विकसित की जाए और सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।