खखरेरू / फतेहपुर| स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के चचींड़ा गांव में पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तहसील प्रशासन को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है, जबकि इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।गांव निवासी छोटे लाल यादव ने तहसीलदार को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गाटा संख्या 441 की भूमि पर जमींदारी विनाश अधिनियम के पूर्व से उनके बुजुर्गों का कब्जा रहा है। आरोप है कि गांव के ही विष्णु पाल और उनके परिवार के लोग जबरन उक्त भूमि पर आवास का निर्माण कार्य करा रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित भूमि गौचर की है, जिस पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है।
मामले की शिकायत मिलने पर तहसीलदार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। ग्रामीणों में गौचर भूमि पर हो रहे कब्जे को लेकर आक्रोश है और वे जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में नगर पंचायत के ईओ हरिगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम को मौके पर भेजा गया है। साथ ही लेखपाल व स्थानीय पुलिस को भी अवगत करा दिया गया है। फिलहाल निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
