Homeभीलवाड़ादेवली कॉलेज प्राचार्य को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश और राजकार्य में...

देवली कॉलेज प्राचार्य को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज

सीताराम माली

हनुमाननगर । राजकीय महाविद्यालय देवली के प्राचार्य ने एक छात्रा, उसके पति और एक कोचिंग संचालक के विरुद्ध राजकार्य में बाधा डालने, धमकी देने और हनीट्रैप के जरिए अवैध वसूली करने का गंभीर मामला गुरुवार को हनुमान नगर थाने में दर्ज कराया है। प्राचार्य डॉ. पीएम. वर्मा द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार गत 12 नवंबर को बीए द्वितीय सेमेस्टर इतिहास की परीक्षा के दौरान छात्रा सुमन कुमारी मीणा को उड़नदस्ते ने पैरों पर लिखी नकल सामग्री के साथ पकड़ा था। पकड़े जाने के बाद छात्रा ने बदहवास होने का नाटक करते हुए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद गत 18 नवंबर को जब छात्रा को उसके पति धीरज कुमार मीणा के साथ कार्यालय बुलाया गया, तो सोची-समझी साजिश के तहत छात्रा ने प्राचार्य के कक्ष में मोबाइल ले जाकर बातचीत की रिकॉर्डिंग की। आरोप है कि इस रिकॉर्डिंग के साथ छेड़छाड़ कर प्राचार्य पर अनुचित दबाव बनाया गया और उन्हें बदनाम करने व नौकरी से बर्खास्त करवाने की धमकी दी गई।
घटनाक्रम यहीं नहीं रुका, छात्रा के पति धीरज मीणा ने करीब 30-35 युवकों को इकट्ठा कर महाविद्यालय परिसर में हंगामा किया, गाली-गलौज की और स्टाफ को धमकाते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद 20 नवंबर को राजकुमार मीणा (कोचिंग संचालक) ने प्राचार्य से संपर्क कर मामले को रफा-दफा करने के बदले पैसों की मांग की और हनीट्रैप जैसी साजिश रचकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। प्राचार्य की रिपोर्ट पर पुलिस ने राजकार्य में बाधा, धमकी और षड्यंत्र सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। हनुमान नगर थाना प्रभारी गणेश कुमार स्वयं इस संवेदनशील मामले की जांच कर रहे हैं।

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
news paper logo
RELATED ARTICLES