प्रतिभा सम्मान समारोह में गूंजा गौरव, बेटियों ने रचा इतिहास

रेवाड़ा (रायपुर-भीलवाड़ा)।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेवाड़ा (रायपुर-भीलवाड़ा) में आज शैक्षणिक सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के उपलक्ष में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में CBEO रायपुर श्री नरोत्तम दाधीच एवं ADEO भीलवाड़ा श्री तेजकरण बहेडिया विधायक प्रतिनिधि रामपाल भट्ट शंकर भट्ट मेवाड़ युवा जाट महासभा के अध्यक्ष सुरेश जाट रेवाड़ा एसएमसी अध्यक्ष राधेश्याम भट्ट कैलाश भट्ट सोहन लाल जानकी लाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल गर्व, उत्साह और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा, जहां विद्यालय की छात्राओं ने अपने शानदार परिणामों से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस अवसर पर सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य आकर्षण रही कक्षा 12वीं की टॉपर पायल भट्ट (98.20%), जिन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए कहा कि
“मेरी इस सफलता के पीछे मेरे परिवार का त्याग और शिक्षकों का मार्गदर्शन है।”
➡️ उल्लेखनीय है कि पायल भट्ट ने रायपुर ब्लॉक में प्रथम स्थान तथा भीलवाड़ा जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
इसी क्रम में कक्षा 12वीं में द्वितीय स्थान पर अंजली भट्ट (91.80%) एवं तृतीय स्थान पर हीना भट्ट (90.67%) रही, जिन्होंने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
पायल ने अपने आगामी करियर को लेकर सिविल सेवाओं में जाने का सपना भी व्यक्त किया, जिसे सुनकर पूरा पंडाल तालियों की गूंज से गूंज उठा।
इस अवसर पर CBEO रायपुर श्री नरोत्तम दाधीच एवं ADEO भीलवाड़ा श्री तेजकरण बहेडिया ने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि
“सीमित संसाधनों एवं विषम परिस्थितियों के बावजूद विद्यालय द्वारा दिया गया यह शत-प्रतिशत एवं उत्कृष्ट परिणाम अत्यंत प्रशंसनीय है। यह शिक्षकों की निष्ठा और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है।”
विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो क्षेत्र में शिक्षा के प्रति समर्पण और गुणवत्ता का प्रतीक है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं की उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया। अंत में प्रधानाचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह समारोह केवल सम्मान नहीं, बल्कि हर विद्यार्थी के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रेरणादायक पल बन गया।