मांडल (सुरेश चंद्र मेघवंशी) । मांडल क्षेत्र के चतरपूरा गांव में प्रेम प्रसंग के संदेह को लेकर एक ही परिवार के लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने घर पर धावा बोलकर परिवार के सदस्यों के साथ लाठियों और डंडों से मारपीट की। हमले में गीता देवी पत्नी नानूराम (70 वर्ष), महावीर पुत्र केसर सिंह (30 वर्ष), लादी देवी पत्नी जगदीश (50 वर्ष), सीमा (23 वर्ष), जगदीश (55 वर्ष) तथा ज्योति (13 माह) घायल हो गए। सभी घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला प्रेम प्रसंग के संदेह से जुड़ा हुआ है, हालांकि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।













