सूरौठ।स्मार्ट हलचल|कस्बा सूरौठ में 20 मार्च से शुरू होने वाले चार दिवसीय गणगौर मेले की तैयारियों को लेकर सर्व समाज की बैठक यहां ब्राह्मण धर्शाला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व सरपंच नत्थू सिंह राजावत ने की।
बैठक में तय किया गया कि 20 मार्च को सुबह हरि कीर्तन दंगल के साथ मेले का शुभारंभ किया जाएगा। 20 मार्च की शाम को सर्व समाज के लोगों की ओर से भवानी पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 21 एवं 22 मार्च को आकर्षक झांकियों एवं रियासत कालीन परंपराओं के साथ गणगौर माता की सवारी निकाली जाएगी। मेले के दौरान जिकड़ी गायन , हेला ख्याल दंगल सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 23 मार्च की शाम को समारोह पूर्वक मेले का समापन किया जाएगा। रहटकों की व्यवस्था गांधी स्मारक मैदान में की जाएगी तथा मुख्य चौराहे से तालाब को जाने वाले मार्ग में अस्थाई दुकानें लगाई जाएगी। मेले का आयोजन संपूर्ण कस्बे वासियों की ओर से किया जाएगा। बैठक के दौरान मेले के आयोजन हेतु जन सहयोग से राशि एकत्रित करने हेतु कमेटी का गठन किया गया। बैठक में मेले की तैयारियों के लिए सर्व समाज के लोगों ने अपने सुझाव व्यक्त किए। बैठक में तय किया गया कि गणगौर मेले की तैयारियों के लिए आगामी बैठक 9 मार्च को आयोजित की जाएगी।
