गौ रक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी, 100 किसानों के प्रशिक्षण शिविर लगाने का निर्णय

शाहपुरा में विहिप की महत्वपूर्ण बैठक, गोपालन बढ़ाने, गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने और गौ रक्षा को मजबूत करने पर मंथन

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी।
स्मार्ट हलचल|गौ रक्षा को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को और गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। शाहपुरा के केशव सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में गौ रक्षा से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में गोपालन को बढ़ावा देने, गौ रक्षा को प्रभावी बनाने तथा गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक विश्व हिंदू परिषद अखिल भारतीय सह गौ रक्षा प्रमुख केशव राजू जी भाई साहब एवं राजस्थान क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं गौ रक्षा प्रमुख प्रभात शर्मा, जयपुर के सानिध्य में हुई। इसमें जिलेभर से गौ रक्षा, गो सेवा, गो जीव संरक्षण और गौशाला संचालन से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया।
अब किसानों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
विहिप प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ ने बताया कि बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में गौ आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत शाहपुरा, फुलिया एवं जहाजपुर क्षेत्र में 100 किसानों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इन प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से किसानों को गोपालन से जुड़ी उपयोगी जानकारी देने के साथ ही गौ आधारित कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में यह विचार सामने आया कि यदि किसान व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से गोपालन को अपनाएं तो इससे एक ओर गौ रक्षा को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर गौशालाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रास्ता खुल सकता है।

गौ रक्षा के साथ स्वावलंबन पर फोकस
बैठक में गौ रक्षा को केवल संरक्षण तक सीमित रखने के बजाय इसे गोपालन, किसान और गौशाला के स्वावलंबन से जोड़ने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोवंश की भूमिका को मजबूत करने की जरूरत है। किसानों को प्रशिक्षण देकर गोपालन के प्रति जागरूक किया जाए तो इसका सीधा लाभ गौ संरक्षण अभियान को मिल सकता है।
इस दौरान जिला स्तर पर गौ रक्षा से जुड़े कार्यों, गौशालाओं की व्यवस्थाओं तथा गो जीव संरक्षण गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।

ढिकोला की गौशाला में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता
बैठक के बाद विहिप के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता श्री राम नंदी गौशाला, ढिकोला पहुंचे। यहां आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए। गौशाला में गौ सेवा एवं गौ रक्षा से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही पीठ के दर्शन किए तथा श्री प्रताप सिंह बारहठ स्मारक संग्रहालय का अवलोकन किया। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल भीलवाड़ा के नौगांवा स्थित माधव गौशाला अनुसंधान केंद्र में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुआ।
संगठनात्मक विस्तार और प्रशिक्षण पर जोर
लगातार बैठकों और कार्यक्रमों के जरिए विश्व हिंदू परिषद की गौ रक्षा गतिविधियों को ग्रामीण स्तर तक विस्तार देने की कवायद भी दिखाई दी। शाहपुरा, फुलिया और जहाजपुर में प्रस्तावित किसान प्रशिक्षण शिविर इसी अभियान की अगली कड़ी माने जा रहे हैं।
बैठक में केंद्रीय सह गौ रक्षा प्रमुख केशव राजू, राजस्थान क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रभात शर्मा, चित्तौड़ प्रांत गौ रक्षा प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़, जिला गौ रक्षा प्रमुख ओमप्रकाश शर्मा, जिला गौशाला प्रमुख मुकेश प्रजापत, विहिप नगर अध्यक्ष भगवान लढ़ा, शंकरलाल शर्मा, बालाजी गो हेल्पलाइन के खुशराज वैष्णव एवं ओमप्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
ढिकोला से गोपाल पटवारी, सुरेश भाट, लक्ष्मण खारोल, गणपत खटीक, मनीष नायक, राजू नायक, भंवरलाल बलाई, राजकुमार शर्मा सहित प्रबुद्धजन भी कार्यक्रमों में उपस्थित रहे।