रिंकू मीणा हत्याकांड में मुख्य आरोपी समुन्द्र उर्फ सागर जयपुर से गिरफ्तार, पुरानी रंजिश और वायरल वीडियो को लेकर रची गई थी हत्या की साजिश

नीरज मीणा

महुवा। स्मार्ट हलचल/थाना महुवा क्षेत्र के चर्चित रिंकू मीणा जघन्य हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी समुन्द्र उर्फ सागर को जयपुर के मुरलीपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और एक वायरल वीडियो को लेकर आरोपियों ने रिंकू मीणा की हत्या की साजिश रची थी।थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित बलराम मीणा निवासी विरासना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई रिंकू मीणा अपनी कार से हुडला से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी धर्मेन्द्र, जितेन्द्र, रविन्द्र, समुन्द्र, राजकुमार, केदार, राजेश और लोकेश सहित अन्य लोगों ने एक राय होकर रिंकू की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
आरोपियों ने रिंकू पर लाठी-डंडों, पाइप तथा धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद वाहन से टक्कर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में रिंकू को उपचार के लिए जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 6 सितंबर को उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी अनूप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए कई जिलों में लगातार दबिश दी और संभावित ठिकानों पर तलाश की।
पुलिस टीम के अथक प्रयासों के बाद मुख्य आरोपी समुन्द्र उर्फ सागर पुत्र प्रभातीलाल मीणा, निवासी विरासना, थाना मंडावर को जयपुर के मुरलीपुरा क्षेत्र से धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा उससे हत्याकांड के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल धर्मेन्द्र, जितेन्द्र, रविन्द्र, समुन्द्र उर्फ सागर, राजकुमार, केदार, राजेश और लोकेश सहित अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।