लायंस क्लब कोटा के सदस्यों ने समझा संसद संचालन का स्वरूप, लोकसभा अध्यक्ष से की भेंट
कोटा। स्मार्ट हलचल|लायंस क्लब कोटा के सदस्यों ने सद्भावना यात्रा के तहत राजधानी दिल्ली पहुंचकर देश की लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान उन्होंने संसद भवन में लोकसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और जाना कि सदन में किस प्रकार कार्य संचालित होते हैं।
क्लब अध्यक्ष सोनल नंदवाना ने बताया कि लगभग 50 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट कर संसदीय प्रक्रियाओं पर संवाद किया। इसके पश्चात सदस्यों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोकसभा की कार्यवाही को दर्शक दीर्घा से देखा, जिससे उन्हें पक्ष-विपक्ष की भूमिका, सांसदों की सहभागिता तथा पत्रकारों एवं अतिथियों की व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी मिली। नंदवाना ने बताया कि इस सद्भावना यात्रा का उद्देश्य आपसी भाईचारे, मित्रता और लायनिज्म की भावना को सुदृढ़ करना था, जिसमें क्लब पूरी तरह सफल रहा।
यात्रा के दौरान सदस्यों ने प्रधानमंत्री संग्रहालय, राष्ट्रपति भवन, नेशनल वॉर मेमोरियल, इंडिया गेट तथा भारत मंडपम का भ्रमण भी किया। राष्ट्रपति भवन में सदस्यों ने भव्य दरबार हॉल (गणतंत्र मंडप) और अशोक हॉल (अशोक मंडप) की वास्तुकला को निहारा, वहीं मुगल गार्डन में खिले रंग-बिरंगे पुष्पों ने सभी का मन मोह लिया।
संसद भवन के भ्रमण के दौरान सदस्यों ने नए भवन में उपलब्ध आधुनिक एवं हाईटेक सुविधाओं का अवलोकन किया। विभिन्न संसदीय कार्यों के लिए बनाए गए अलग-अलग कार्यालयों की सुव्यवस्थित व्यवस्था ने सभी को प्रभावित किया। विशेष रूप से महिला सदस्यों में इस अनुभव को लेकर उत्साह और रोमांच देखने को मिला।
