* तीन अज्ञात युवकों पर पीछा कर हमला करने का गंभीर आरोप—पीठ पर आई चोट, उनियारा थाने में दी लिखित रिपोर्ट
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|उनियारा कस्बे के वार्ड नंबर 18 निवासी निजी शिक्षक दीपक कुमार योगी ने पुलिस थाना उनियारा में लिखित रिपोर्ट देकर तीन अज्ञात युवकों पर चलती मोटरसाइकिल का पीछा कर लोहे के पाइप से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिवादी दीपक कुमार योगी पुत्र राधेश्याम योगी की रिपोर्ट के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को वह और उसका भाई अरविंद कुमार योगी अलीगढ़ स्थित युवान कोचिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ाने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर उनियारा लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे दिनेश पाटोदी की मील के सामने पहुंचने के दौरान पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति उनका पीछा करते हुए आए। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति के हाथ में लोहे का पाइप था, जिससे उसने चलती बाइक से अरविंद कुमार योगी की पीठ पर वार किया। हमले में अरविंद की पीठ पर चोट लगने की बात रिपोर्ट में कही गई है। परिवादी का आरोप है कि हमलावर पाइप से सिर पर वार करना चाहते थे, लेकिन मोटरसाइकिल के आगे-पीछे होने के कारण पाइप पीठ पर लगा। वार करने के बाद तीनों युवक मोटरसाइकिल से उनियारा की ओर फरार हो गए।
*लूट की नीयत से हमला होने की आशंका*
परिवादी ने प्रथम दृष्टया घटना को लूट की नीयत से किया गया हमला होने की आशंका जताई है। साथ ही उनियारा थाना पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की पहचान, घटना की जांच तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
*पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई*
मामले में उनियारा थाना पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों का सत्यापन, घटनास्थल एवं परिस्थितियों की जांच तथा आरोपियों की पहचान की कार्रवाई की जानी है। हमले के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। गौरतलब हैं कि इन दिनों उनियारा सर्किल क्षेत्र में आएदिन बढ़ रहे अपराधों सहित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगने से अपराधियों के हौसले दिनोंदिन बुलंद होते जा रहे हैं।