राजियावास ग्रामीण शिविर में समस्याओं का मौके पर निस्तारण: 32 पट्टे वितरित, बिजली-पानी की किल्लत दूर करने के लिए सौंपे मांग पत्र

स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत राजियावास के सीनियर स्कूल खेल मैदान में बुधवार को ‘ग्रामीण सेवा शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की बिजली, पानी, सड़क और अतिक्रमण से जुड़ी अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासक ब्रजपालसिंह रावत ने बताया कि शिविर प्रभारी तहसीलदार हनुमंतसिंह रावत, सह प्रभारी बीडीओ बलराम मीणा और सहायक अभियंता एसपी जानू की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर में 32 पट्टे वितरित किए गए, 2 बंटवारे किए गए और 18 नामांतरण खोले गए। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने किया।

राजियावास जीएसएस को जवाजा लाइन से जोड़ने की उठी मांग
शिविर के दौरान प्रशासक ब्रजपालसिंह रावत ने राजियावास क्षेत्र में बिजली की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए शिविर प्रभारी को एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि राजियावास 33 केवी जीएसएस से 6 ग्राम पंचायतों के 14 राजस्व गांव जुड़े हुए हैं। वर्तमान में यह लाइन शेखवास (भीम) जीएसएस से भी जुड़ी है, जो पहाड़ी और जंगली क्षेत्र होने के कारण अक्सर तकनीकी खराबी का शिकार रहती है। इसके चलते राजियावास में बार-बार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या होती है।

इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए मांग की गई है कि राजियावास जीएसएस के पास से गुजर रही जवाजा जीएसएस की लाइन में ‘मूलसिंह का बाडिया’ के पास कट-पॉइंट बनाकर राजियावास को सीधे जवाजा लाइन से जोड़ा जाए। इसके साथ ही कालिंजर तेजाजी मंदिर, नीचलावास, नयागांव और शहीद अमरसिंह सीनियर स्कूल के पास लो-वोल्टेज दूर करने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने की भी मांग की गई।

जल जीवन मिशन (JJM) की कमियों को दूर करने की चेतावनी
शिविर में पेयजल आपूर्ति को लेकर भी कई शिकायतें सामने आईं। प्रशासक रावत ने बताया कि राजियावास के पुराना बाइपास रोड (भैरूघाटा) पर 10 घरों में कनेक्शन होने के बावजूद पानी नहीं आ रहा है। वहीं ऊपरलावास, गर्ल्स स्कूल की गली और भोमजी का बाडिया में पानी के वितरण में भारी असमानता है। इसके अलावा कालिंजर गांव में पाइप लाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों व नालियों की मरम्मत कराने तथा फूंदी का बाडिया और आव के पहाड़ी क्षेत्रों में 23 नए कनेक्शन देने की मांग की गई।

प्रशासक ने पानी चोरी और सप्लाई लाइन के वॉल्व से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस जाब्ते के साथ पीएचईडी (PHED) विभाग की टीम लगाकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। शिविर प्रभारी ने मौके पर ही सहायक अभियंता को बुलाकर इन समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई के लिए पाबंद किया।

नशामुक्ति शपथ के साथ समापन
शाम 6 बजे शिविर के समापन पर प्रशासक ब्रजपालसिंह रावत ने शिविर में उपस्थित सभी ग्रामीणों, कर्मचारियों और अधिकारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और इसके साथ ही शिविर के सफल समापन की घोषणा की।