सूरौठ में बैंड बाजों एवं आकर्षक झांकियों के साथ निकाली महात्मा ज्योतिबा राव फुले की शोभायात्रा प्रतिभाओं को किया सम्मानित 

सूरौठ। स्मार्ट हलचल|कस्बे में सैनी माली कुशवाहा समाज की ओर से महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर बैंड बाजों एवं आकर्षक झांकियों के साथ महात्मा ज्योतिबा राव फुले की शोभा यात्रा निकाली गई। यहां बयाना मार्ग स्थित महात्मा ज्योतिबा राव फुले आश्रम में जयंती कार्यक्रम समारोह पूर्वक मनाया गया गया।
सैनी समाज के सूरौठ तहसील अध्यक्ष महेश सैनी एवं महात्मा ज्योतिबा फुले सेवा समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर टी एल राजावत ने बताया कि जयंती कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हिंडौन की पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव थी तथा अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक अनीता जाटव ने की। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष शिवकुमार सैनी एवं हिंडौन नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष दिनेश चंद सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं सैनी समाज के पंच पटेलों ने महात्मा ज्योतिबा राव फुले की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर की गई। कार्यक्रम में सैनी समाज की प्रतिभाओं को अतिथियों ने शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर परंपरागत तरीके से महात्मा ज्योतिबा फुले की माला की बोली लगाई गई। माला की बोली 65 हजार रुपए में सूरौठ निवासी भामाशाह मोहन भंडारा के नाम रही। जयंती कार्यक्रम महात्मा ज्योतिबा फुले सेवा समिति के अध्यक्ष टी एल राजावत एवं कोषाध्यक्ष बनैसिंह सैनी की अगुवाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले की जीवनी पर प्रकाश डाला तथा उनके आदर्शों पर चलने की बात कही। शोभायात्रा उदासी के बाग के पास से शुरू हुई तथा बस स्टैंड, बाजार, मुख्य चौराहे, पुलिस चौकी सर्किल, मस्जिद तिराहा, मरघट चौराहा, सब्जी मंडी चौक सहित विभिन्न स्थानों से होती हुई महात्मा ज्योतिबा फुले आश्रम पहुंची। बैंड बाजा के साथ निकाली शोभायात्रा में महात्मा ज्योतिबा फुले, राधा कृष्ण, हनुमान, शिव शंकर सहित कई झांकियां शामिल रही जिन्होंने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में भामाशाह मोहन भंडारा को घोड़ी पर बैठाकर निकाला गया। शोभायात्रा का बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर सर्व समाज के लोगों ने अभिनंदन किया।