झीलों की नगरी के पर्यटन संसार से रूबरू हुए सरकारी स्कूल के होनहार

विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर अनूठी पहल

विद्यार्थियों ने जाना होटल इंडस्ट्री का कामकाज, गेम जोन में खूब की मस्ती और समझे करियर के अवसर

उदयपुर, 26 सितम्बर।स्मार्ट हलचल|विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यटन को नई पीढ़ी से जोड़ने और सरकारी विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग की दुनिया से परिचित कराने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की गई। सैंडीज ट्रेवल टेल्स और होटल राफेल्स के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुपड़ी के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए भ्रमण का विशेष आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण केवल मनोरंजन का अवसर नहीं रहा, बल्कि उन्हें पर्यटन और होटल उद्योग को करीब से समझने तथा भविष्य के करियर विकल्पों की जानकारी हासिल करने का भी अवसर मिला।

*होटल के विभिन्न प्रभागों को करीब से देखा*

यहां पहुंचने पर विद्यार्थियों का प्रबंधन की ओर से हेना किशोर, रविन्द्र धामी और रिपेंदर कंबोज द्वारा स्वागत किया गया और उन्हें होटल के विभिन्न प्रभागों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने होटल के संचालन, अतिथि सत्कार, प्रबंधन और विभिन्न सेवाओं की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। होटल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि एक बड़े होटल को संचालित करने के लिए किस तरह अलग-अलग विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हैं।

विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ होटल की व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों से विभिन्न विषयों को लेकर सवाल भी किए। होटल के भव्य वातावरण और आधुनिक व्यवस्थाओं को देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।

*जानकारी के साथ मस्ती का भी रहा पूरा इंतजाम*

सैंडीज ट्रेवल टेल्स के संदीप राठौड़ ने बताया कि भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए यादगार बनाने के लिए उन्हें गेम जोन की सैर भी कराई गई। यहां पहुंचते ही विद्यार्थियों की खुशी देखते ही बनी। होटल प्रबंधन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों के साथ विभिन्न खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया। देखते ही देखते औपचारिक माहौल एक खुशनुमा मिलन में बदल गया और विद्यार्थियों ने होटल अधिकारियों के साथ जमकर मस्ती की।

गेम जोन में विद्यार्थियों के चेहरों पर नजर आई खुशी ने पूरे आयोजन को खास बना दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का भी अनुभव किया।

*होटल इंडस्ट्री में रोजगार की संभावनाओं से कराया परिचित*

आयोजन का एक महत्वपूर्ण पहलू विद्यार्थियों को होटल एवं पर्यटन उद्योग में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी देना भी रहा। होटल प्रबंधन की ओर से हेना किशोर ने विद्यार्थियों को बताया कि पर्यटन के बढ़ते विस्तार के साथ होटल इंडस्ट्री में भी रोजगार के अनेक नए अवसर पैदा हो रहे हैं। होटल प्रबंधन, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज, शेफ, इवेंट मैनेजमेंट सहित कई क्षेत्रों में युवा अपने भविष्य को दिशा दे सकते हैं।

विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ व्यवहार-कुशलता, संवाद कौशल, अनुशासन, टीमवर्क और अतिथि सत्कार की भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

*‘लेक सिटी’ की पहचान से विद्यार्थियों को जोड़ने की पहल*

होटल राफेल्स के रिपेंदर कंबोज ने कहा कि उदयपुर अपनी झीलों, प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन स्थलों के कारण देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है। इसके साथ ही शहर की होटल एवं आतिथ्य इंडस्ट्री भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सरकारी विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उदयपुर की पर्यटन एवं होटल इंडस्ट्री की इस विशेष पहचान से रूबरू कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। विद्यार्थियों को यदि प्रारंभ से ही पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित कराया जाए तो वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य में इस क्षेत्र को भी करियर के रूप में चुन सकते हैं।

*अनुभव, सीख और मनोरंजन का बना यादगार दिन*

राउमावि गुपड़ी के प्रधानाचार्य कमल जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह दौरा एक ऐसा अनुभव रहा, जिसमें उन्हें एक ही दिन में सीखने, नए क्षेत्र को करीब से जानने और मनोरंजन का अवसर मिला। सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलने से उनके ज्ञान और अनुभव के दायरे का भी विस्तार हुआ।

पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त निदेशक (प्रचार) डॉ कमलेश शर्मा ने कहा कि पर्यटन केवल पर्यटकों को आकर्षित करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार के नए अवसरों का बड़ा क्षेत्र भी है। विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह पहल विद्यार्थियों को ‘पर्यटन को देखने’ से आगे बढ़कर ‘पर्यटन को समझने’ का अवसर देने वाली रही।

इस अवसर पर प्रस्तर शिल्पकार हेमंत जोशी, क्राफ्ट आर्टिस्ट नीलोफर मुनीर, विक्रम, जसमीत अरोड़ा, प्रीतेश कोठारी, विशेष, भौमिक सहित स्कूली विद्यार्थी मौजूद थे। इस मौके पr सभी विद्यार्थियों को होटल राफेल्स की ओर से गिफ्ट भी दिए गए। आभार सैंडीज ट्रेवल टेल्स के संदीप राठौड़ ने जताया।