यूजीसी रेगुलेशन-2026 के विरोध में 15 हजार किलोमीटर की जनजागरण वाहन यात्रा शुरू, 23 अगस्त को दिल्ली में महापंचायत

चित्तौड़गढ़, 5 अगस्त। स्मार्ट हलचल|यूजीसी रेगुलेशन-2026 में कथित विसंगतियों के विरोध और इसे वापस लेने की मांग को लेकर सवर्ण समाज से जुड़े संगठनों ने राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के तहत 15 हजार किलोमीटर की जनजागरण वाहन यात्रा निकाली जाएगी, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 23 अगस्त को नई दिल्ली में प्रस्तावित ‘यूजीसी रोलबैक सवर्ण आक्रोश महापंचायत’ में होगा।

यह जानकारी बुधवार शाम चित्तौड़गढ़ बस स्टैंड के पीछे स्थित होटल कृष्ण में आयोजित प्रेस वार्ता में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज सिंह शेखावत ने दी। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षाविदों और सामान्य वर्ग के नागरिकों के बीच यूजीसी रेगुलेशन-2026 से जुड़े मुद्दों तथा संगठन की मांगों को लेकर जनसंवाद स्थापित करना है।

आयोजकों के अनुसार, यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में पंचायत एवं सम्मेलन, जनसंवाद, प्रेस वार्ता तथा सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। अभियान के माध्यम से संबंधित मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से जनमत तैयार करने और अपनी मांगों को संबंधित प्राधिकरणों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. शेखावत ने कहा कि 23 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली महापंचायत में देशभर से सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों के साथ विद्यार्थी, शिक्षाविद और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। महापंचायत के माध्यम से यूजीसी रेगुलेशन-2026 को लेकर संगठन की आपत्तियों और मांगों को सरकार तथा संबंधित प्राधिकरणों के समक्ष रखा जाएगा।

आयोजकों ने अभियान का संदेश ‘जन-जन तक संवाद, शिक्षा में न्याय और समान अवसर की मांग’ रखा है। प्रेस वार्ता में इसे पूर्णतः लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक जनजागरण अभियान बताते हुए कहा गया कि अभियान के दौरान संवाद, जनजागरण और ज्ञापन के माध्यम से अपनी बात संबंधित प्राधिकरणों तक पहुंचाई जाएगी।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज सिंह शेखावत, महामंत्री युवराज सिंह झाला तथा राजसमंद जिला अध्यक्ष अनूप सिंह देवड़ा मौजूद रहे।

इसके अलावा क्षत्रिय करणी सेना चित्तौड़गढ़ के जिला संरक्षक महिपाल सिंह सोलंकी (फाचर), जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह चुंडावत (सावा), तहसील अध्यक्ष शंभूपुरा विजय सिंह, महिला जिला अध्यक्ष मायाकुंवर शक्तावत, जिला मीडिया प्रभारी हरिओम सिंह परमार, जिला उपाध्यक्ष खुशबु सिंह, प्रहलाद सिंह (धारोल), राजेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अभियान में सहभागी बनने तथा 23 अगस्त को नई दिल्ली में प्रस्तावित महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

आयोजकों ने कहा कि 15 हजार किलोमीटर की यह यात्रा केवल दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जनजागरण, संवाद और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर समाज को जोड़ने का प्रयास है।

आयोजक एवं व्यवस्थापक: क्षत्रिय करणी सेना एवं अखंड करणी पार्टी
डॉ. राज सिंह शेखावत, संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष
संपर्क: 9276155439, 9638716267