हिंडौन की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश: पानी भरे रास्ते से निकली अर्थी, लोगों ने नेताओं को घेरा

ये शहर के विकास की अर्थी है’ – गुस्साए लोग*

अजीम खान चिनायटा

हिंडौनसिटी। स्मार्ट हलचल, बरसात में जलभराव और टूटी सड़कों के कारण हिंडौन की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आ गई। शहर में एक शवयात्रा को पानी में डूबी सड़क से होकर ले जाना पड़ा। तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों व प्रशासन पर शहर की दुर्दशा का आरोप लगाते हुए कहा कि “ये किसी एक व्यक्ति की अर्थी नहीं है, बल्कि हिंडौन सिटी के नाम के पीछे लगे ‘सिटी’ की अर्थी है। ये शहर के युवाओं के भविष्य और रोजगार के सपनों की अर्थी है।”

लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं दिखता। भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण शहर की सड़कें और नालियां हर बारिश में तालाब बन जाती हैं। आम आदमी को तो दिक्कत होती ही है, अंतिम यात्रा तक के लिए रास्ता नहीं मिल पा रहा।

सोशल मीडिया पर लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर शहर की ये हालत कब सुधरेगी?

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि तुरंत शहर की नालियों और सड़कों की सफाई व मरम्मत करवाएं, ताकि आगे किसी को इस तरह परेशान न होना पड़े।

नगरवासियों ने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।