एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल|पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय रहे लूणाराम जारोड़ा पर हुए हमले के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घायल जारोड़ा का उपचार जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में जारी है। इसी बीच मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरु ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर से मुलाकात कर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने की मांग की।
विधायक कलरु ने मंत्री को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए बताया कि हमले में घायल लूणाराम जारोड़ा की स्थिति को देखते हुए उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। मामले की गंभीरता को समझते हुए मंत्री खींवसर ने तुरंत एसएमएस अस्पताल प्रशासन से दूरभाष पर संपर्क कर चिकित्सकों को समुचित और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए।
इसके पश्चात विधायक लक्ष्मण राम कलरु स्वयं जयपुर पहुंचकर अस्पताल में भर्ती लूणाराम जारोड़ा से मिले, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा।
पर्यावरण प्रेमी पर हमले की इस घटना ने क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल बना दिया है।










