जिला कलक्टर एवं जनप्रतिनिधिगणों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बूंदी- स्मार्ट हलचल|राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मंगलवार से ‘ग्राम रथ अभियान’ का आगाज हुआ। सर्किट हाउस परिसर से जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव और पूर्व विधायक अशोक डोगरा ने हरी झंडी दिखाकर तीन ग्राम रथों (एलईडी वैन) को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया। ये रथ गांव-गांव जाकर किसानों, पशुपालकों और आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान लोक कलाकारों द्वारा योजनाओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि ये ग्राम रथ जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में भ्रमण करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की चार से पांच ग्राम पंचायतों में हर दिन यह रथ पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि रथों पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं से जुड़े वीडियो दिखाए जाएंगे। इससे ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया और फायदों की बिल्कुल स्पष्ट और सरल जानकारी मिल सकेगी, ताकि वे इनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
एक ही जगह मिलेगी 13 विभागों की जानकारी
उन्होंने कहा कि इस अभियान का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। ग्राम रथ के माध्यम से 13 प्रमुख विभागों की प्रचार सामग्री भी बांटी जाएगी। इसमें कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास, उद्योग, मत्स्य, सहकारिता सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों की योजनाएं शामिल हैं। एक ही स्थान पर सभी जानकारी मिलने से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत चयनित ग्राम पंचायत में प्रतिदिन ‘संध्या चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। इसके अलावा, रथों के साथ एक ‘सुझाव पेटिका’ भी रखी गई है, जिसमें ग्रामीण बेझिझक अपने लिखित सुझाव दे सकेंगे। अभियान में लोक कलाकारों द्वारा प्रतिदिन फील्ड में प्रस्तुति दी जाएगी।
रथों की रवानगी के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, संजय लाठी, नुपूर मालव, निर्मल मालव, मोहन कराड सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहें।
