मंडल के 32 बूथों, रेलवे स्टेशनों एवं चलती ट्रेनों में बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा
24 नवंबर की रात्रि 11 बजे तक जारी रहेगा अभियान, रेलवे स्टेशनों पर चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी पोलियो की खुराक
कोटा। स्मार्ट हलचल।पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में रविवार, 22 नवंबर को प्रातः 7 बजे से पल्स पोलियो अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन रेलवे कॉलोनियों, रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्मों एवं चलती ट्रेनों में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। मंडल में स्थापित कुल 32 बूथों के माध्यम से 2454 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। यह अभियान 24 नवंबर की रात्रि 11 बजे तक निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान रेलवे स्टेशनों पर आने वाले बच्चों को चौबीसों घंटे पोलियो की खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ट्रेन संख्या 19817/19818 हल्दीघाटी एक्सप्रेस, 11603/11604 कोटा–बीना–कोटा एक्सप्रेस तथा 59813/59814 कोटा–आगरा पैसेंजर ट्रेनों में यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके अतिरिक्त कोटा, न्यू कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, भरतपुर, केलादेवी, पिंगोरा, सेवर एवं धोरमी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुपर्णा सेन रॉय एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी. पंडा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान के सफल क्रियान्वयन में रेलवे कर्मचारियों, सिविल डिफेंस तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों का संयुक्त सहयोग रहा।
कोटा मंडल द्वारा यात्रियों एवं रेलकर्मियों से अपील की गई है कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत बनाना है।