उड़द में यलो मोजेक रोग की पहचान, बचाव एवं नियंत्रण की दी जानकारी; दलहन उत्पादन बढ़ाने और फूलों की खेती पर भी चर्चा
लाड़पुरा, स्मार्ट हलचल। दलहन आत्मनिर्भरता मिशन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत लाड़पुरा में महिला कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में महिला किसानों को दलहन फसलों की उन्नत खेती, रोग नियंत्रण तथा उत्पादन बढ़ाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।सेवानिवृत्त कृषि पर्यवेक्षक मुनीर मोहम्मद ने उड़द की फसल में होने वाले यलो मोजेक रोग के लक्षण, बचाव एवं नियंत्रण के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को फसल में रोग के शुरुआती लक्षणों की पहचान कर समय पर आवश्यक प्रबंधन करने के लिए जागरूक किया।
स्थानीय वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक रामेश्वर लाल गुर्जर ने दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए अपनाई जाने वाली कृषि तकनीकों और बेहतर उत्पादन के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया।
प्रगतिशील किसान चांदमल माली ने महिला किसानों को फूलों की खेती के बारे में जानकारी दी। उन्होंने फूलों की खेती की संभावनाओं, फसल प्रबंधन एवं इससे होने वाली आय के संबंध में अपने अनुभव साझा किए।
प्रशिक्षण के दौरान महिला किसानों ने कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
