मंगरोप। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद जवानों की पुण्य स्मृति में न्यू एशियन वर्ल्ड स्कूल मंगरोप द्वारा भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उपस्थित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन किया।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से शहीदों के अदम्य साहस,बलिदान और राष्ट्र के प्रति निष्ठा को स्मरण करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।कार्यक्रम में वक्ता एवं संस्था प्रधान कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान हर नागरिक के लिए प्रेरणा है और हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे देश के प्रति ईमानदारी,कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के मूल्यों का पालन करेंगे।साथ ही विद्यार्थियों को देशभक्ति,सामाजिक जिम्मेदारी और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद जवानों का बलिदान हमें एकजुटता,साहस और राष्ट्रहित में कार्य करने की सीख देता है।कार्यक्रम का समापन‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ हुआ,जिससे वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
